भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। एसएसपी कार्यालय के पास घरों में रसोई गैस सप्लाई करने वाली मेन पाइपलाइन लीक होने से अफरा तफरी का मौहोल हो गया। सूचना पर सीओ सिटी समेत दमकल विभाग के अधिकारी और गैस कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घंटो रिसाव होने के कारण विभिन्न कॉलोनियों के घरों में गैस की सप्लाई दो घण्टे से अधिक समय तक बाधित रही।
सोमवार को नैनीताल रोड पर एसएसपी कार्यालय के पास अडानी गैस कंपनी की मेन पाइपलाइन अचानक लीक हो गयी। इससे वहां तेजी से गैस रिसाव होने लगा। गैस पाइपलाइन लीक का पता चलते ही आसपास हड़कंप मच गया। सूचना पर सीओ सिटी अमित कुमार व दमकल विभाग के सीएफओ बीबी सिंह वहां पहुंच गये। इस दौरान फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी वहाँ पहुंच गयी। पाइपलाइन लीक होने की सूचना पर अडानी गैस के स्थानीय कर्मचारी आनन-फानन में इमरजेंसी वाहन के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास घरों में हो रही गैस की सप्लाई को तत्काल रोक दिया लेकिन गैस रिसाव को रोकने में उनके सारे प्रयास विफल रहे। गैस रिसाव को रोकने के लिए आसपास कोई भी चैम्बर और गेटवाल नहीं होने से कर्मचारियों के प्रयास असहाय नजर आ रहे थे। सीओ कुमार ने गैस रिसाव को रोकने के कोई इंतजाम नहीं होने पर कंपनी के स्थानीय कर्मचारियों को जमकर फटकार भी लगायी। साथ ही कंपनी के जीएम से भी बात कर गैस रिसाव को रोकने के कोई इंतजाम न होना घोर लापरवाही बताया। उन्होंने कहा कि गैस रिसाव की वजह से कोई भी दुर्घटना हुई तो कंपनी के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी। उधर कंपनी के कर्मचारियों ने बताया कि गैस रिसाव को जल्द ही ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। वही रसोई गैस बाधित होने से गैस सप्लाई वाली विभिन्न कॉलोनियों में दोपहर का खाना बनाने में दिक्कत भी हुई। हालांकि कुछ जगहों पर दो घंटे बाद गैस का संचालन शुरू हो गया था। वही शाम तक कंपनी के कर्मचारी गैस लाइन ठीक करने में लगे हुए थे।
एसएसपी ऑफिस के पास लीक हुई गैस पाइप लाइन, मचा अफरा तफरी का माहौल
RELATED ARTICLES



