भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता शहर के हर वार्ड में पदयात्रा निकालेंगे। कांग्रेस केन्द्रीय संगठन द्वारा भेजे गये जिला समन्वयकों द्वारा महानगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बूथ कार्यकर्ताओं की बैठक ली गयी जिसमें आगामी चुनाव में पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने के लिए रणनीति तय की गयी।
कांग्रेस जिला कार्यालय पर कार्यवाहक जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा के आहवान पर बुलायी गयी बैठक में जिला समन्वयक मनोज सिंह पटेल व जिला समन्वयक लवलेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव को पूरे दमखम के साथ लड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों से जनता का मोह भंग हो चुका है और प्रदेश की जनता अब इस सरकार से मुक्ति चाहती है। बेतहाशा बढ़ रही महंगाई ने आम आदमी का जीना दूभर कर दिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की नाकामियों को जनता के बीच रखने का आह्वान किया। बैठक में मनोज सिंह पटेल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रदेश भर में कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गयी है। महानगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने प्रदेश के सभी जिलों में कोऑर्डिनेटर नियुक्त किये हैं। पटेल ने 8 जुलाई तक प्रत्येक वार्ड में कांग्रेस पार्टी के झंडे के साथ पदयात्रा निकाली जायेगी। इसके अलावा हर वार्ड में 100-100 लोगों को शामिल कर विधानसभा स्तरीय एक वाट्सएप ग्रुप बनाया जायेगा। इस ग्रुप के माध्यम से पार्टी के कार्यक्रमों की सूचनाएं प्रेषित करने के साथ ही चुनाव की तैयारियों को लेकर समय समय पर आवश्यक जानकारियां दी जायेगी।
पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के घर एवं वाहनों आदि में कांग्रेस के झंडे व स्टिकर लगाये जायेंगे। तनेजा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी। बैठक में पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा, पूर्व मंडी समिति के अध्यक्ष अरुण पांडे, यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष नईम अहमद, पार्षद मोहन खेड़ा, सुशील मंडल, कैलाश राठौर, मोहन भारद्वाज, छेदा लाल राठौर, नगर महामंत्री राजीव कामरा, एनएसयूआई के अध्यक्ष चेतन भट्ट, सुदर्शन शर्मा, उमा सरकार, बेबी सिकदर, संतोष चौहान, दिनेश मौ,र्य ज्ञान प्रकाश, अजल साना, गोपाल आदि कार्यकर्ता शामिल थे।



