भोंपूराम खबरी, रूद्रपुर। फाजलपुर महरौला में कूड़े के निस्तारण के लिए निर्माणाधीन आधुनिक प्रोसेसिंग प्लांट का मेयर रामपाल सिंह ने औचक निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने प्लांट का निर्माण शीघ्र करने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश भी दिये। इस दौरान मेयर रामपाल सिंह ने कहा कि इस प्लांट का निर्माण होने से शहरवासियों को कचरे की समस्या से निजात मिलेगी। साथ ही यह प्लांट रूद्रपुर के विकास और रूद्रपुर को स्वच्छ बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। मेयर ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में नगर निगम रूद्रपुर को प्रथम पायदान पर लाना उनकी प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखकर शहर को स्वच्छ बनाने के लिए विशेष प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होनंे कहा कि किच्छा रोड पर कचरे का निस्तारण युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। साथ ही कचरे से सीएनजी गैस बनाने वाले प्लांट को लगाने का कार्य भी तेजी से चल रहा है। इसके अलावा शहर की कल्याणी नदी को भी उसके मूल स्वरूप में वापस लाने का कार्य भी किया जा रहा है। कहा कि गर्मियों का सीजन शुरू हो चुका है साथ ही कोरोना की दूसरी लहर भी तेज हो गयी है ऐसे में अब स्वच्छता को लेकर और अधिक सतर्क होने की जरूरत है। क्यों कि गर्मियों में अधिकांश रोग प्रदूषण की वजह से पनपते हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को लेकर नगर निगम स्तर से कोई भी कसर नहीं छोड़ी जायेगी। बरसात से पहले शहर के नाले नालियों का भी सफाई अभियान चलाया जायेगा।
कूड़े के निस्तारण के लिए निर्माणाधीन आधुनिक प्रोसेसिंग प्लांट का मेयर रामपाल सिंह ने किया औचक निरीक्षण
RELATED ARTICLES



