भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर। जिलाधिकारी रंजना राजगुरू ने कोविड-19 संक्रमण की दूसरी लहर के कारण तेजी से बढ़ रहे मामलों को देखते हुए जनपद में स्थापित सभी कोविड-19 अस्पतालों में ऑक्सीजन की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध रखने के आदेश दिए हैं। डीएम राजगुरु ने मुख्य चिकित्साधिकारी व नोडल अधिकारी ऑक्सीजन के साथ अपने कार्यालय कक्ष में आवश्यक बैठक ली।
उन्होने कहा कि जनपद में स्थापित कोविड केयर सेंटरों में ऑक्सीजन की कमी न हो इस लिये पूर्व में ही ऑक्सीजन की आवश्यकता की गणना कर सम्बन्धित कार्यदायी संस्था को मांग भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सम्बन्धित कोविड सेंटरों में रिजर्व में ऑक्सीजन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाये। उन्होंने संबंधित अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि जनपद में जो ऑक्सीजन प्राप्त हो रही है उसका पूर्ण सदुपयोग हो रहा है या नही जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होने कहा कि सम्बन्धित अधिकारी द्वारा आॅक्सीजन की सुविधा प्रदान करायी जाने वाली संस्थाओं पर कड़ी नजर रखी जाए ताकि ऑक्सीजन का दुरूपयोग न हो। उन्होंने कहा कि यह भी आकलन करना सुनिश्चित करे कि ऑक्सीजन की आपूर्ति कहाँ और कितनी की जानी है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु खुराना, अपर जिलाधिकारी जगदीश चन्द्र काण्डपाल, सीएमओ डॉ डीएस पंचपाल, एसडीआई डॉसुधीर, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी आदि उपस्थित थे।



