भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। नजूल नीति का अधिक से अधिक लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए विधायक राजकुमार ठुकराल ने प्रयास तेज कर दिये हैं। विधायक ठुकराल ने रम्पुरा में भ्रमण कर लोगों को नई नजूल नीति की जानकारी दी और फ्रीहोल्ड कराने की प्रक्रिया समझायी। इस दौरान उन्होंने जागरूकता पत्र भी लोगों को सौंपे।
इस दौरान विधायक ठुकराल ने बताया कि वर्षों के संघर्ष के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार ने नई नजूल नीति का शासनादेश जारी कर दिया है। जिसके तहत प्रशासन ने नजूल नीति के तहत भूखण्डों को फ्रीहोल्ड करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नई नजूल नीति का लाभ शहर के 22 हजार से अधिक परिवारों को मिलेगा। मालिकाना हक मिलने से लोगों को बैंकों से ऋण की सुविधा भी मिल पायेगी। विधायक ठुकराल ने बताया कि नजूल भूमि फ्रीहोल्ड कराने के लिए लाभार्थी को राशन कार्ड, आधार कार्ड, पासपोर्ट फोटो, गृहकर रसीद, बिजली बिल, पट्टा प्रपत्र, रजिस्ट्री बैनामा और 9 नवम्बर 2011 से पहले का रिकार्ड आदि दस्तावेज देने होंगे। जिसके आधार पर भूखण्ड का मालिकाना हक दिया जायेगा। विधायक ने पार्टी कार्यकर्ताओं से जनसामान्य को नजूल नीति की प्रक्रिया की जानकारी देकर अधिक से अधिक लोगों तक इसका लाभ पहुंचाने और लोगों को फ्रीहोल्ड कराने में हरसंभव मदद करने का आहवान किया।
इस दौरान भाजपा नेता विपिन शर्मा बिट्टू, नत्थू लाल गुप्ता, खेता लाल पाल, रघुवर दास गुप्ता, रतनलाल पाल, शैलेंद्र कोली, हिम्मत राम कोली, दिवाकर, पार्षद रामकिशन कोली, रामसेवक कोली, संतोष दिवाकर, कांति कोली, सुदामा कोली, अनूप देवनाथ, चंद्रपाल कोली, कमल सैनी, सत्ता कोली, प्रेम सिंह बाल्मीकि, विशाल कोली आदि मौजूद थे।



