भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर। भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा ने उत्तराखंड नजूल भूमि प्रबंधन व्यवस्थापन एवं निस्तारण विधेयक 2021 विधानसभा सदन में पारित होने के बाद सीएम धामी और पूरे मंत्रिमण्डल का आभार व्यक्त किया। शिव अरोरा ने कहा कि नजूल भूमि के जटिल मसले का समाधान करके मुख्यमंत्री धामी ने शहर के हजारों लोगों को बड़ा तोहफा दिया है। शहर की जनता नजूल भूमि पर मालिकाना हक की आस पिछले तीन दशक से लगाये हुए थी। कानूनी अड़चनों के चलते यह मामला लगातार पेचीदा होता जा रहा था। लेकिन सीएम धामी ने सूझ बूझ के साथ इस जटिल समस्या का समाधान करके अपनी कुशल नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है। अरोरा ने कहा कि नजूल भूमि की समस्या का समाधान धामी सरकार की बड़ी उपलब्धि है। इसका लाभ पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव में भी निश्चित रूप से मिलेगा।



