भोंपूराम खबरी, पंतनगर। किच्छा-पंतनगर के विधायक राजेश शुक्ला ने विधानसभा के प्रथम सत्र में पंतनगर विश्वविद्यालय के बजट का मामला उठाया। विधायक राजेश शुक्ला ने सदन के पटल पर अपना प्रश्न रखते हुए कहा कि देश में हरित क्रांति का आगाज करने वाला देश का पहला शीर्ष पंडित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय लगातार उपेक्षित है और शासन से पर्याप्त बजट ना मिलने के कारण तरक्की नहीं कर पा रहा है। बजट न होने से से कॉलेजों के भवनों, छात्रावास परिसर की सड़कों एवं शिक्षकों कर्मचारियों के आवासों की मरम्मत कराने में भी विश्वविद्यालय सक्षम नहीं रह गया है।
कृषि शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि विश्वविद्यालय हेतु प्रत्येक वित्तीय वर्ष में आय-व्यय में अनुदान संख्या-17 के अंतर्गत धनराशि का प्रावधान किया जाता है। पंतनगर विश्वविद्यालय के आय व्यय व बजट की धनराशि 219.10 करोड़ के सापेक्ष 2020-21 में 230 करोड रुपए का प्रावधान कर विश्वविद्यालय के आय व्यय बजट में वृद्धि सरकार द्वारा की गई है। कहा कि विश्वविद्यालय को प्रदेश सरकार भरपूर सहयोग कर रही है।



