भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत भाईचारा एकता मंच के केंद्रीय अध्यक्ष केपी गंगवार एवं कुर्मी महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष सौरभ गंगवार के नेतृत्व में पुलिस मुख्यालय पर संगठन के कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन कर पुलिस पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई करने और गरीबों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। धरना स्थल पर आयोजित सभा में दोनों संगठनों के पदाधिकारियों ने पुलिस पर पीएससी की एक महिला कांस्टेबल को बचाने और उधम सिंह नगर पुलिस द्वारा गरीबों का उत्पीड़न करने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली को सुधारने की मांग की। एसएसपी कार्यालय पर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उधम सिंह नगर जनपद पुलिस के खिलाफ तीन दिन बाद अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी दी।
इन संगठनों का आरोप है कि पीएसी में तैनात एक महिला पुलिसकर्मी पर बाजपुर में धोखाधड़ी कर प्लाट बेचने के नाम पर लाखों रुपए की हड़पने की शिकायत होने के बावजूद पुलिस ने किसी प्रकार की कोई कार्यवाही नहीं की। यही नहीं जांच में महिला पुलिसकर्मी के दोषी पाए जाने के बाद भी उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी। इसके चलते मंगलवार को सैकड़ों की संख्या में संगठन से जुड़े हुए पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। वही केपी गंगवार ने साफ तौर पर कहा कि दागी खाकी को बचाने का काम उधम सिंह नगर जनपद पुलिस कर रही है जो किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कुर्मी महासभा के अध्यक्ष सौरभ गंगवार ने कहा कि पुलिस को पक्षपातपूर्ण कार्यवाही नहीं करनी चाहिए। जबकि सीओ सिटी रुद्रपुर की जांच में यह साफ स्पष्ट हो चुका है कि पीएसी महिला पुलिसकर्मी के द्वारा धोखाधड़ी की गई है। बावजूद उसके पुलिस लगातार उसे बचा रही है। एसएसपी ने भी सीओ सिटी रुद्रपुर अमित कुमार की जांच को दरकिनार करते हुए कहा कि वह पुनः इसकी जांच करवाएंगे। सौरभ गंगवार ने कहा कि अगर सीओ ने गलत जांच की है तो एसएसपी दलीप सिंह कुंवर को सीओ सिटी रुद्रपुर पर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि दागी महिला पीएसी कर्मी के खिलाफ कारवाई न होने पर तीन दिन बाद मंच और महासभा विशाल अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेगी।
वह इस पूरे मामले का संज्ञान लेने के बाद सीओ सिटी अमित कुमार ने धरना दे रहे संगठनों का ज्ञापन लेने के बाद उन्हें आश्वासन दिया कि जल्दी इस पूरे मामले में कार्रवाई की जाएगी। जिसके बाद लोगों ने धरना समाप्त कर दिया। इस दौरान जरनैल सिंह काली, मंच की महिला जिला अध्यक्ष सुमन पंत, महानगर अध्यक्ष शीला चौधरी, जिला अध्यक्ष टोनी पठान, महानगर अध्यक्ष महेश गंगवार, महानगर महामंत्री प्रवीण खान, कुर्मी महासभा के जिला अध्यक्ष मनोहर लाल गंगवार सहित दर्जनों महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता मौजूद थे।



