भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर। बीते लंबे समय से सिडकुल की वोल्टास कंपनी के प्रबंधन के खिलाफ कर्मचारी कंपनी के अन्दर व बाहर हड़ताल पर बैठे थे। शनिवार को कर्मियों ने हड़ताल के क्रम में श्रमिक संयुक्त मोर्चा के बेनर तले प्रबंधन के खिलाफ क्रमिक अनशन पर बैठ गए हैं।
अनशन पर बैठे श्रमिक संयुक्त मोर्चा के महासचिव चंद्र मोहन लखेडा ने कहा कि कर्मचारियों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी से मिलने का प्रयास किया, लेकिन प्रदेश सरकार के आदेश पर कार्यालयों की बंदी और सेनेटाइजेशन के कारण मुलाकात नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि जो भी आवश्यक कार्य है प्रशासन उसे कर रहा है, लेकिन पिछले डेढ़ साल से संघर्षरत वोल्टास मज़दूरों की समस्याएं प्रशासन के लिए प्राथमिक नहीं है। वोल्टास इंप्लाइज यूनियन के महामंत्री दिनेश पंत कहा कि श्रमिक संयुक्त मोर्चा ने हमारे आंदोलन को समर्थन देते हुए मजबूत किया है। बताया कि सोमवार को बजाज मोटर्स कर्मकार यूनियन के साथी भी क्रमिक अनशन पर बैठेंगे। निर्मल पाठक, चंद्र मोहन लखेड़ा, महेंद्र सिंह राणा सहित कई लोग मौजूद रहे।



