भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर। शराब कारोबारी किस कदर शासन व प्रशासन में पैठ रखते हैं इसकी एक बानगी फिर से शहर में देखने को मिली है। स्थानीय लोगों के पुरजोर विरोध के बावजूद शहर की पॉश मॉडल कालोनी में अंग्रेजी शराब की दुकान खुल गयी है। जबकि इस दुकान को न खोले जाने के विरोध में कालोनी की दर्जनों महिलाएं व शहर के तमाम राजनीतिक दलों से जुड़े लोग धरने पर भी बैठे थे। ज्ञात हो कि नगर के वार्ड नंबर 26 की मॉडल कालोनी में आबकारी विभाग द्वारा एक नयी अंग्रेजी शराब की दुकान खोले जाने की अनुमति दी गयी। इसके बाद स्थानीय लोगों में रोष फ़ैल गया। लोगों ने इस दुकान को खोले जाने के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि मॉडल कालोनी पूर्णतया आवासीय क्षेत्र है और गावा चौक पर प्रस्तावित इस दुकान से मात्र पचास मीटर की दूरी पर जवाहर नवोदय विद्यालय स्थित है। ऐसे में शराब की दुकान खुलने से छात्रों और आम जनता पर नकारात्मक असर पड़ेगा। स्थानीय पार्षद रजनी रावत ने डीएम व आबकारी विभाग को इस संबंध में ज्ञापन भी सौंपा। बाद में कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने भी अपने समर्थकों सहित दुकान के समक्ष धरना भी दिया।
लोगों ने चेतावनी दी थी कि दुकान खोले जाने पर आंदोलन किया जायेगा। लेकिन तमाम विरोध के बावजूद दुकान खोल दी गयी है। हैरत की बात यह भी है कि इस दुकान के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले लोग भी अब परिदृश्य से गायब हो गये हैं। वहीं इस मामले में जिला आबकारी अधिकारी महेश बिंजोला का कहना है कि शराब की दुकान शासन स्तर पर स्वीकृत की गयी है। नियमानुसार ही दुकान खोली गयी है।



