भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर। रैली के दौरान महानगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। भाजपा सरकार ने जितने वादे और सपने जनता को दिखाए थे उसका उल्टा हो रहा है और कोई भी वादा सरकार पूरा नहीं कर पा रही है। आने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा सरकार को करारा जवाब देने के लिए तैयार बैठी है। युवा प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर ने कहा कि युवा बेरोजगार हो चुके हैं और दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। इतनी महंगाई बढ़ चुकी है और ऊपर से बेरोजगारी भी अधिक हो चुकी है जिससे पहाड़ के युवा पलायन को मजबूर हो गए हैं। ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। पेट्रोल, डीजल, गैस, सरसों का तेल हर चीज के भाव आसमान छू रहे हैं और आदमी की प्रति व्यक्ति आय पहले से भी कम हो चुकी है। उन्होंने सभी युवाओं से आह्वान किया कि सभी युवा अपनी कमर कस लें और जनता के घर घर जाकर इस तानाशाही और सत्ता में चूर भाजपा सरकार की नाकामियों को उजागर करें। उन्होंने कहा कि 2022 में कांग्रेस की सरकार बननी तय है और कांग्रेस पार्टी सबसे पहले महंगाई को काबू करेगी और बेरोजगारों को रोजगार देने का कार्य करेगी।



