भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर। एसओजी और एटीडीएफ की संयुक्त कार्यवाही में टीम ने भारी मात्रा अवैध गांजे के साथ दो तस्करों को पकड़ा है। टीम ने 88 पैकेट में 86 किलोग्राम अवैध गांजे समेत पिकअप व मोबाइल फोन को बरामद कर लिया है। टीम ने तस्करों के अलावा शहर निवासी तीन लोगों के खिलाफ मुकद्मा पंजीकृत कराया है।
एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने बताया कि बीती रात्रि एसओजी प्रभारी एसआई कमलेश भट्ट, एडीटीएफ प्रभारी एसआई कमाल हसन, एसआई देवेन्द्र सिंह मेहता, कांस्टेबल नीरज शुक्ला, प्रमोद कुमार, धर्मवीर सिंह, प्रभात चौधरी द्वारा किच्छा रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय के नजदीक शक्ति टेंट हाउस से पहले अपने वाहनों को आढ़ में खड़ा कर किच्छा से आने वाले वाहनों की चैकिंग शुरु की गई। इस दौरान मध्य रात्रि करीब 12 बजकर 2 मिनट पर किच्छा की ओर से एक पिकअप तेज गति से आती दिखाई दी। जिसे टॉर्च की रोशनी से रुकने का इशारा किया तो पुलिस को देख पिकअप चालक ने घबराहट में वाहन को बाईं ओर कच्चे रास्ते में वाहन डाल दिया। जिसके बाद टीम ने पिकअप में सवार दो लोगों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में पिकअप सवार ने अपना नाम राजेंद्र मोर्य पुत्र छेदा लाल निवासी कनकटी थाना शीशगढ़ जिला बरेली व पुष्पेंद्र कुमार पुत्र प्रताप सिंह निवासी भोजीपुरा जिला बरेली बताया। सख्ती से पूछताछ में दोनों ने बताया कि वो दोनों छत्तीसगढ़ से अवैध गांजा लेकर आ रहे हैं।
इसके बाद टीम ने सीओ सिटी अमित कुमार मौके पर पहुंचे। जिसके बाद पिकअप की तलाशी लेने पर पिकअप से तीन कट्टों में 88 पैकेट गांजा समेत 2 मोबाइल फोन, एक हजार रुपए की नगदी, 2 आधार कार्ड व 1 एटीएम कार्ड बरामद हुआ। गांजे को ड्राइविंग सीट के बराबर की सीट में छिपाकर रखा गया था। पैकेट का वजन करने पर 88 पैकेट से 86 किलोग्राम गांजा निकला। इसके बाद पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि पिकअप रुद्रपुर के ट्रांसपोर्ट स्वामी सुरेंद्र गिरी का है। जिसे गांजा लाने-जाने के लिए मोडिफाई करवाया गया था। सुरेंद्र गिरी द्वारा उन्हें एक चक्कर का 10 हजार रुपए खर्चा निकालकर दिया जाता है। गांजा सुकमा छत्तीसगढ़ से रमेश साहनी द्वारा पिकअप में लोड करवाया गया था। जिसे ट्रांसपोर्ट स्वामी सुरेंद्र गिरी, रमेश के भाई राकेश साहनी उर्फ पेंटर पुत्र रामबाबू साहनी निवासी भूरारानी व उसके भतीजे मुकेश साहनी पुत्र धूरी साहनी निवासी भूरारानी रुद्रपुर के यहां उतारना था। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि उक्त सभी गांजे का कारोबार कर काफी सम्पत्ति बना चुके हैं। टीम द्वारा पकड़े गए दोनों आरोपियों समेत रमेश व राकेश साहनी उर्फ पेंटर मुकेश साहनी व सुरेंद्र गिरी के विरुद्ध मुकद्मा पंजीकृत करा दिया गया है।



