भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। विवाह समारोह में शामिल होने के बाद दिल्ली जा रहे व्यक्ति के बैग से लाखों के जेवरात चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर लिया। पुलिस ने चोरी हुई सोने की मांग टीका, कान के झुमके, एक नथ, अंगूठी, टॉप्स, मंगल सूत्र बरामद कर तीन चोरों को भी गिरफ्तार कर लिया। साथ ही पुलिस टीम वारदात में शामिल उनके फरार चार साथियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने गिरफ्तार चोरों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी ममता बोहरा ने बताया कि दिल्ली निवासी बसंत बल्लभ पांडेय ने सौंपी तहरीर में कहा कि 29 नवंबर को वह शादी विवाह में शामिल होने के बाद रुद्रपुर से रोडवेज बस में दिल्ली के लिए निकला था। दिल्ली पहुंचने पर जब उसने अपना बैग खोला तो सोने के जेवरात गायब थे। काफी खोजबीन के बाद भी जब जेवरात नहीं मिला तो वह 17 दिसंबर को रुद्रपुर कोतवाली आया और तहरीर सौंपी। एसपी सिटी ने बताया कि मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। साथ ही रोडवेज स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए तो कुछ संदिग्ध मिले। जिसके बाद पुलिस उनकी पहचान में जुट गई थी। शनिवार रात पुलिस को सूचना मिली कि तीन संदिग्ध ब्लॉक रोड पर किसी का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर सीओ सिटी अमित कुमार, कोतवाल विक्रम राठौर, एसएसआई सतीश चंद्र कापड़ी, बाजार चौकी प्रभारी संदीप शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देख तीन युवक भागने लगे। इस पर पुलिस कर्मियों ने उनका पीछा कर दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से पुलिस को लाखों रुपये कीमत के सोने की मांग टीका, कान के झुमके, एक नथ, अंगूठी, टाप्स, मंगल सूत्र मिले। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम ग्राम हमीदाबाद, बिलासपुर, रामपुर निवासी रिफाकत, दिलवर और जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप निवासी विक्की बताया। बताया कि वह जेवरात उन्होंने 19 नवंबर को रोडवेज स्टेशन में एक बस में सवार यात्री की बैग से चुराए थे।
एसपी सिटी ममता बोहरा ने बताया कि पूछताछ में उन्होंने बताया कि उनके साथ हमीदाबाद, बिलासपुर, रामपुर निवासी अली हसन, अकरम, नवी अहमद और बाबू भी वारदात में शामिल थे। वही एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने चोरी का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को 2500 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। टीम में कोतवाल विक्रम राठौर, एसएसआई सतीश चंद्र कापड़ी, बाजार चौकी प्रभारी संदीप शर्मा, रम्पुरा चौकी प्रभारी अनिल जोशी, कांस्टेबल मुदस्सिर आजम, विकास शाह, गणेश राम और दीपक कुमार शामिल रहे।



