भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विनय गोयल ने किच्छा रोड स्थिति बिगवाडा मंडी के सामने भाजपा जिला कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान केन्द्र की भाजपा सरकार एवं प्रदेश सरकार के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों का बखान किया। गोयल यहाँ मुख्य धारा मीडिया और सोशल मीडिया में बेहतर समन्वय स्थापित करने पहुंचे थे।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए गोयल ने कहा कि भाजपा सरकार के शासन में देश का चहुंमुखी विकास हो रहा है। आज भारत में दुनिया की सबसे ऊंची सरदार वल्लभ भाई पटेल की मूर्ति की स्थापना देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई और देश का सबसे लम्बा पुल कश्मीर में भाजपा की केंद्र सरकार तैयार किया गया। देश में पहली बार 30 हजार मेगावाट बिजली पैदा करने वाले सौर ऊर्जा प्लांट का गुजरात में निर्माण किया गया।
पीएम मोदी ने आयुष्मान योजना लागू कर प्रत्येक परिवार को निशुल्क इलाज दिलाने का कार्य किया। इस योजना में देश के 22 हजार पीजीआई अस्पताल रजिस्टर्ड हैं। कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार होने के कारण ही राज्य में ऋषिकेश-कर्णप्रयाण जैसी महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी मिल सकी। चारधाम आल वेदर योजना चल रही है। हरिद्वार-दिल्ली 8 लेन का काम शुरू हो रहा है। केंद्र की योजना से प्रदेश में जल जीवन मिशन के तहत हर घर में नल और जल होगा। गोयल ने मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत को ईमानदार छवि का स्वामी बताया। कहा कि ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण की पहली वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री रावत ने गैरसैंण को नई कमिश्नरी बनाने की घोषणा कर राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान किया है। इस दौरान प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी शेखर वर्मा, महिला प्रदेश प्रवक्ता मोनिका गुप्ता, जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, जिला मीडिया प्रभारी ललित मिगलानी मौजूद थे।