भोंपूराम खबरी, पंतनगर। पंतनगर विश्वविद्यालय में अपनी मांगो को लेकर क्रमिक अनशन कर रहे कर्मियों को पूर्व स्वास्थ्य मंत्री ने अनशन स्थल पर पहंुचकर समर्थन दिया। साथ ही कर्मियों की मांगो को जायज बताते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी। वही शनिवार को क्रमिक अनशन पर नारायण सिंह दयाल सिंह बिष्ट, शिवकुमार और फईम बैठे।
मालूम हो कि पंतनगर विश्वविद्यालय में वर्ष 2003 से पूर्व दैनिक वेतन भोगी के रूप में कार्यरत लगभग 200 कर्मियों को ठेका प्रथा में डाल दिया गया था। जिस पर कर्मी इसका विरोध करते हुए पुनः दैनिक वेतन भोगी घोषित किये जाने की मांग कर रहे है तथा एक अप्रैल से विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के मुख्य गेट रप क्रमिक अनशन पर बैठ गये है। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलकराज बेहड़ ने अनशन स्थल पर पहंुचकर क्रमिकों की मांग का समर्थन करते हुए विवि प्रशासन को चेताया कि कर्मियों की मांगे शीघ्र पूरी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। जिसकी जिम्मेदारी विवि प्रशासन की होगी। उन्होने लगातार चार दिन से क्रमिक अनशन कर रहे कर्मियों की विवि प्रशासन द्वारा कोई सुध नहीं लेने पर नाराजगी भी जताई। उन्होने कहा कि नियमों को ताक पर रखकर इन दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को विश्वविद्यालय द्वारा ठेके पर डाला जाना पूर्ण रूप से गलत है। इस दौरान अनशन स्थल पर इंटक जिलाध्यक्ष तथा ट्रेड यूनियन संयुक्त मोर्चा अध्यक्ष जनार्दन सिंह, महामंत्री ओएन गुप्ता, संतोष कुमार, महेंद्र शर्मा, जगदीश, हाकीम, श्याम सुंदर मिश्रा, नागेंद्र, पतरस, राजपाल इत्यादि लोग उपस्थित थे।



