भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। राज्य में कोरोना वायरस के मामले बढ़े तो पुलिस-प्रशासन ने भी सख्ती बढ़ा दी है। पूर्व में आये शासन के आदेश के अनुसार महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, गुजरात, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान से सड़क, हवाई मार्ग और रेलगाड़ियों से आने वाले लोगों को अब कोरोना नेगेटिव रिपोर्ट दिखानी पड़ रही है। लेकिन अब ऊधम सिंह नगर जिले में इन राज्यों से आने वाले लोगों को एक हफ्ते के लिए होम क्वारंटाइन होना पडेगा।
उधम सिंह नगर जिले के एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। जिले के जसपुर, काशीपुर, बाजपुर, रुद्रपुर, पुलभट्टा, सितारगंज, खटीमा बॉर्डर पर पुलिस और स्वास्थ्य टीम तैनात है। बाहर से आने वालों के सैंपल लिए जा रहे हैं। इसके अलावा उत्तराखंड घूमने आने वालों की एक सूची तैयार की जा रही है। एसएसपी ने बढ़ते कोरोना वायरस के मामलों को देखते हुए पुलिस अधिकारियों को चेकिंग अभियान चलाकर चालान काटने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना के प्रति लापरवाही बरती तो भारी पड़ सकता है। साथ ही यह साफ़ किया गया है कि चिह्नित बारह राज्यों से आने वाले लोगों को आवश्यक रूप से होम क्वारंटाइन होना होगा।



