Tuesday, March 24, 2026
HomeUttarakhandटूटी सड़कों पर हिचकोले खा रहे आवास विकास वासी

टूटी सड़कों पर हिचकोले खा रहे आवास विकास वासी

spot_img

भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर। शहर में अधिकांश सड़कों के खस्ताहाल होने से लोग हिचकोले खाने को मजबूर हैं। मानसून पूर्व सड़कों के निर्माण को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने और सड़कों की बदतर हालत के चलते यहां आवागमन करना खतरे से खाली नहीं रह गया है।

आवास विकास की सड़कों पर इतने गड्ढे हो गए है कि वाहन सड़कों पर रेंगकर चलने को मजबूर हो रहे हैं। सड़कों पर गुजरने वाले वाहन चालकों को हर समय हादसा होने का अंदेशा बना रहता है। खासकर रात के समय तो दुपहिया वाहन चालकों के लिए सड़क पर चलना खतरे से खाली नहीं है। शहरवासी भी अब तो नगर निगम से कह रहे हैं कि अगर नए सिरे से तत्काल सड़कों का निर्माण नहीं कराया जा रहा है तो कम से पैच वर्क तो कराया ही जा सकता है।

वर्तमान समय में नैनीताल राजमार्ग से आवास विकास होली चौक तक जाने वाली 400 मीटर लंबी सड़क बुरी तरह से जर्जर हो चुकी हैं। कई स्थानों पर तो स्थिति इतनी बदतर हो गई कि सड़क पर गढ्डे ही गढ्डे दिखाई दे रहे हैं। यहां से वाहन ले जाना तो दूर पैदल चलना भी अब तो मुश्किल हो गया है। इस सड़क की खस्ता हालत के चलते आए दिन लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। रात के समय अंधेरे में दुर्घटना होनी की संभावना अधिक हो जाती है।

जगह-जगह से टूटी इस सड़क पर रात में पसरने वाला अंधेरा अधिक भयावह हो जाता है। रात के समय सड़क पर बने कम से कम 500 गड्ढों में गिरने के कारण हादसा होने का डर बना रहता है। खासकर दुपहिया वाहन चालकों के लिए तो यह काफी खतरनाक हो सकते है। दिन के समय ही उन्हें पूरी सतर्कता बरतते हुए वाहन चलाना पड़ता है।

आवास विकास निवासी शिक्षक विनोद कुमार मिश्रा कहते हैं कि प्रशासन को चाहिए कि शहर के गड्ढों को भरने के लिए ईटों की जगह तारकोल व पत्थर का प्रयोग करना चाहिए। इससे लोगों को परेशानी से बचाया जा सके।
स्थानीय हरजिंदर सिंह का कहना है कि इस सड़क का पुनर्निर्माण जल्द नहीं होने की सूरत में गड्ढों को जल्द भरे जाने की आवश्यकता है। अगर शुरूआत में ही गड्ढे को भर दिया जाए तो वह बड़ा नहीं हो पाता।

व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा कहते हैं कि शहर में नगर निगम के क्षेत्र में सड़कों की स्थिति बदतर है। आवास विकास जैसी पॉश कालोनी में सड़कें बदहाल हैं। आये दिन दुर्घटनाएं होती हैं। निगम का रवैया निराशाजनक है। बीते छह माह में पंद्रह करोड़ की सड़कों का निर्माण निगम ने कराया लेकिन उनमें से अधिकांश जरूरी नहीं थी।

निगम के सहायक नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने बताया कि शहर में कई स्थानों पर सड़कों पर बने गढ्डों को जल्द भरवाया जाएगा। इसके लिए जल्द ही कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।

सड़क निर्माण के लिए अधिकारियों से की जाएगी बातचीत
भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि शहर में ज्यादातर सड़कों का जीर्णोद्धार जारी है। लोक निर्माण विभाग व नगर निगम के अधिकारियों से मिलकर इस बाबत जल्द कार्रवाई को निर्देशित किया जाएगा। इससे लोगों को समस्या से निजात दिलाई जा सके।

RELATED ARTICLES

Leave A Reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments