भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। कांग्रेस जिला कार्यालय पर नवनियुक्त नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्षों सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं का जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जोरदार स्वागत किया गया। कार्यवाहक जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, उप नेता प्रतिपक्ष करन मेहरा, नवनियुक्त कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भुवन कापड़ी,रंजीत रावत, जीत राम आर्य के अलावा जसपुर के विधायक आदेश चौहान, कैंपेनिंग कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष सुमित हृदयेश, यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर, युवा कांग्रेस नेता प्रिंस एवं एआईसीसी के सेकेट्री काजी निजामुद्दीन का गाजे बाजों के साथ पुष्प माला पहनाकर स्वागत किया और सभी को शाॅल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि साल 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सत्ता में आने के लिए प्रदेशवासियों को बड़े-बड़े सपने दिखाए थे। उत्तराखंड को विकसित करने का खूब दम भरा गया, लेकिन भाजपा के सारे वादे जुमले साबित हुए। भाजपा ने एक भी वादा पूरा नहीं किया। ऊपर से लोगों पर महंगाई की मार अलग से पड़ रही है। युवा रोजगार पाने के लिए पलायन करने को मजबूर हैं लेकिन भाजपा सरकार को इन सब बातों कोई सरोकार नहीं है। किसानों का ऋण भी माफ नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने भ्रष्टाचार मुक्त सरकार का वादा किया था। लेकिन पूरी की पूरी सरकार ही भ्रष्टाचार में लिप्त है। अर्थव्यवस्था चरमरा चुकी है। विकास कार्य अधर में लटके हुए हैं। कोरोना काल में स्वास्थ्य व्यवस्था को व्यवस्थित करने में सरकार पूरी तरह से नाकाम साबित हुई अब तीसरी लहर की चेतावनी जारी की गयी हे इसके बावजूद सरकार की नींद नहीं टूट रही। प्रदेश में वैक्सीनेशन की गति धीमी पड़ गयी है। वैक्सीन लगाने कैम्प में पहुंच रहे लोगों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। प्रीतम सिंह ने कहा कि अब उत्तराखंड के लोग भाजपा के जुमलों में फंसने वाले नहीं हैं। प्रदेश के लोग अब जान चुके हैं कि चाहे विधानसभा का चुनाव हो या लोक सभा का भाजपा सिर्फ जुमलेबाजी ही कर सकती है लेकिन अब प्रदेश की जनता भाजपा के चुनावी जुमलों में फंसने वाली नहीं है। जनता 2022 के विधानसभा चुनाव की प्रतीक्षा कर रही है। इस बार जनता ने सत्ता में बदलाव करने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रचण्ड बहुमत से सरकार बनायेगी और उत्तराखंड की जनभावनाओं के अनुरूप प्रदेश का विकास करेगी।
अन्य वक्ताओं ने कहा कि विकास की सोच सिर्फ कांग्रेस के पास है। प्रदेश में कांग्रेस सरकार के दौरान जो विकास कार्य हुए वह किसी से छिपे नहीं है। आज हजारों लोगों को सिडकुल के उद्योगों में जो रोजगार मिला है वह कांग्रेस सरकार की देन है। भाजपा सरकार में आज उद्योग भी बंदी के कगार पर पहुंच चुके हैं। कई उद्योग बंद हो चुके हैं जिनसे हजारों युवाओं को बेरोजगार होना पड़ा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आकर एक बार फिर औद्योगिक विकास को बढ़ावा देकर हजारों युवाओं को रोजगार देगी।
इस अवसर पर कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग की प्रदेश अध्यक्ष शिल्पी अरोरा, कार्यवाहक जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, हरीश पनेरू, पुष्कर राज जैन, सीपी शर्मा,ममता हाल्दार, गुरजीत सिंह गित्ते, पवन वर्मा, राजकुमार भुसरी, महबूब अंसारी, नारायण हालदार, हरिंदर पाल, श्यामल मण्डल, सोनू शर्मा, साबिर अहमद, शिशु पाल सिंह, उमा सरकार, मानस बैरागी, अबरार अंसारी आदि मौजूद थे।



