भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। उत्तर प्रदेश सरकार से उत्तराखंड की संपत्तियों के निपटारें के बाद पंतनगर एयरपोर्ट पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पार्टी पदाधिकारियों ने बुकें भेट कर स्वागत किया। साथ ही संपत्तियों के बंटवारे पर दोनो सरकार के मुख्यमंत्रियों का आभार जताया।
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनका यूपी दौरे के दौरान दोनो राज्यों के बीच चल रहे उत्तराखण्ड के संपत्तियों का समाधान हो गया है। सभी मामलो में आपसी सहमति बन गई है। साथ ही न्यायलय से दोनो राज्यों की सरकार इन मामलों को वापस लेगी। कहा कि बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सिंचाई विभाग की 5700 हेक्टेयर भूमि और 1700 आवासों में उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के उपयोग हेतु आवश्यक भूमि एवं भवन के आकलन के लिये संयुक्त सर्वे किया जाएगा। उसके बाद उत्तरप्रदेश व उत्तराखण्ड में आपसी सहयोग से निस्तारण कर लिया जाएगा। जिसमें किच्छा का बस अड्डा उत्तराखण्ड को मिलेगा। वही उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद् की उत्तराखण्ड में अवस्थित परिसम्पतियों के निस्तारण से होने वाली आय एवं देनदारियों का दोनों राज्यों को 50-50 प्रतिशत के अनुपात में बंटवारा होगा। उन्होने बताया कि बैठक में जनपद उधमसिंह नगर स्थित धौरा, बैगुल, नानक सागर जलाशय में पर्यटन एवं वाटर स्पोर्ट की अनुमति दी गई। ऊपरी गंग नहर में वाटर स्पोर्ट की अनुमति भी दी गई। कहा कि दो बैराज भारत नेपाल सीमा पर बनबसा बैराज तथा किच्छा का बैराज जो आपदा से नुकसान के कारण जीर्ण-शीर्ण अवस्था में हैं, इन बैराजों का निर्माण उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग द्वारा किया जायेगा। उन्होने कहा कि सभी मामलों पर सहमति हो गई है, शीघ्र ही इन पर कार्यवाही की जाएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री का स्वागत करने वालों में जिला प्रभारी मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, विकास शर्मा, विवेक सक्सेना आदि थे।