भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर। नजूल भूमि के अध्यादेश को चुनाव से पहले राजभवन से लौटाये जाने के बाद इस मामले को लेकर वरिष्ठ भाजपा नेता व देवभूमि व्यापार मण्डल के अध्यक्ष विकास शर्मा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से दूरभाष पर बात की।
शर्मा के अनुसार उन्होंने मुख्यमंत्री धामी को बताया कि नजूल भूमि के अध्यादेश को राजभवन से लौटाये जाने के बाद शहर में नजूल भूमि पर बसे हजारों लोगों में एक बार फिर निराशा का माहौल है। उन्होंने बताया कि चुनाव से पहले यह मुद्दा हल नहीं हुआ तो पार्टी को इसका नुकसान हो सकता है। जिस पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चुनाव से पहले नजूल भूमि के मुद्दे का समाधान हर हाल में किया जायेगा। उन्होंने कहा कि अध्यादेश जिन कमियों के कारण राजभवन से वापस किया गया है उन कमियों को दूर करने के लिए अधिकारियों को दिशा निर्देश दे दिये गये हैं। जल्द ही कमियां दूर कर पुनः अध्यादेश को राजभवन भेजा जायेगा। अगर इसमें कोई विलंब हुआ तो सरकार आगामी विधानसभा सत्र में इसे स्वीकृत करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नजूल भूमि पर बसे लोगों को मालिकाना हक चुनाव से पहले दिलाना उनकी प्राथमिकता है।



