भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। शहर की प्रमुख कॉलोनियों में से एक होने के बावजूद विगत पांच वर्षों में नगर निगम द्वारा सड़क निर्माण न किये जाने से नाराज व्यापारियों ने आवास विकास स्थित शिव शक्ति मंदिर से होली चौक तक मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। इसके अलावा हाथों में तख्तियां लिए व्यापारियों ने होली चौक की सड़क पर बैठ कर नगर निगम की कार्यप्रणाली का विरोध किया।
उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय जुनेजा ने बताया कि बीते पांच वर्षों से आवास विकास की सड़कों का बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि सड़को में गड्ढों के चलते कई बार वाहनों के पलटने की घटनाएं हो चुकी हैं और जिस कारण सैकड़ों लोग चोटिल हुए हैं। उन्होंने बताया कि बरसात में भी टूटी सड़को के चलते दुर्घटना का खतरा बना रहता है। जुनेजा ने आरोप लगाया कि निगम ने बीते महीनों में अनावश्यक सड़कों का निर्माण कराया। छोटे पार्कों के आसपास तो सड़क बनायी गयी मगर दशमेश मार्ग, शिव शक्ति मंदिर मार्ग जैसी व्यस्त सड़कों के निर्माण की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि जल्द ही इन सड़कों का निर्माण शुरू नहीं हुआ तो व्यापार मंडल उग्र आंदोलन को बाध्य होगा। धरना प्रदर्शन में सुनील आर्य, लक्की कामरा, सुमित अग्रवाल, बृज भूषण साहनी, नीतीश, गोपाल गंभीर, पन्ना लाल, परमजीत, विपुल, संजीव छाबड़ा, ईशान सेठ, जतिन, जगदीप, सत्यम, सागर और सौरव आदि शामिल थे।



