भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। शीत लहर का प्रकोप बढ़ते ही जिलाधिकारी युगल किशोर पन्त ने शहर के रैन बसेरों सहित निराश्रित लोगों के आश्रय स्थलों का जायजा लिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने बस अड्डे, भगत सिंह चैक, फ्लाई ओवर के नीचे काशीपुर रोड, गल्ला मण्डी, इन्दिरा चौक आदि स्थानों पर पहुंचकर सोमवार की देर रात ठंड से बचाव हेतु किये गये सुविधाओं व अन्य इंतजामों की जानकारी ली।
इस दौरान जिलाधिकारी ने बढ़ते ठंड के प्रकोप व शीत लहर से राहत दिलाने के उद्देश्य से निराश्रित व असहाय लोगों को कम्बल भी वितरित किये। इस दौरान उन्होने रैन बसेरा में ठहरे हुए लोगों का हाल जाना। साथ ही सम्बंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि किसी भी व्यक्ति को कोई परेशानी न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि रैन बसेरों में किसी भी प्रकार की दिक्कत या असुविधा नही होनी चाहिए। उन्होने कहा कि आवश्यकतानुसार अलाव, कम्बल आदि की व्यवस्थायें कराना सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि गरीब व असहाय लोगों की सहायता करना प्रशासन का दायित्व है उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील करी कि सक्षम लोग जरूरतमंदो की सहायता के लिए आगे आयें। इस दौरान अपर जिलाधिकारी डाॅ ललित नारायण मिश्र, जिला आपदा प्रबन्धन अधिकारी उमा शंकर नेगी आदि साथ थे।



