Wednesday, March 25, 2026
HomeUttarakhandविधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट के दावेदारों की गतिविधियाँ हुई तेज 

विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट के दावेदारों की गतिविधियाँ हुई तेज 

spot_img

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर।  विधानसभा चुनाव निकट आने के साथ ही चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं ने भी अपनी गतिविधियाँ तेज कर दी हैं। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र से मौजूदा भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल के अलावा पार्टी के अन्य नेता भी टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। यह नेता जनता से नित नए वादे कर रहे हैं और घर-घर जाकर जनता के मध्य सरकार की उपलब्धियों का बयान कर रहे हैं। भाजपा के चुनावी टिकट की उम्मीद पाले यह नेता पार्टी फोरम में भी बढ़-चढ़कर अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।

बता दें कि भाजपा द्वारा उत्तराखंड विधानसभा को लेकर किये गए चुनावी सर्वे में इस बार लगभग 68 प्रतिशत जनता मौजूदा विधायकों के कार्य से संतुष्ट नहीं है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा के प्रदेश में मौजूदा 57 विधायकों में से कम से कम बीस के टिकट काटे जा सकते हैं। हालाँकि रुद्रपुर से भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल दो बार के विधायक हैं और बीते चुनाव में उन्होंने प्रचंड अंतर से जीत दर्ज की थी। लेकिन भाजपा में सिटिंग विधायक होने के बावजूद किसी का भी टिकट पक्का न होने के चलते यहाँ से भी ठुकराल के अलावा तीन सशक्त पार्टी नेताओं ने टिकट के लिए खम से अपनी दावेदारी ठोंकी है। इसमें सर्वप्रथम भाजपा के जिलाध्यक्ष व आम जनता सहित आरएसएस में गहरी पैठ रखने वाले शिव अरोरा हैं। वहीं समाजसेवा में अग्रणी माने जाने वाले भाजपा चुनाव संचालन समिति के सह-प्रभारी व भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री भारत भूषण चुघ और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अत्यधिक ख़ास माने जाने वाले युवाओं में खासे लोकप्रिय भाजपा नेता विकास शर्मा शामिल हैं।

आपके अपने न्यूज पोर्टल भोंपूराम खबरी ने इस सभी दावेदारों से वार्ता की और उनसे जाना कि विधानसभा चुनाव के टिकट के लिए दावेदारी पेश करने के साथ ही नगर की जनता के लिए उनकी क्या प्राथमिकतायें रहेंगी। इन तीनों सहित राजकुमार ठुकराल ने भी यहाँ से टिकट मिलने और चुनाव जीतने की स्थिति में अपना कार्य करने का मंतव्य भोंपूराम खबरी से साझा किया।

भाजपा नेता भारत भूषण चुघ जो फिलहाल प्रदेश युवा पंजाबी महासभा के अध्यक्ष भी हैं ने कहा कि यदि उन्हें भाजपा से रुद्रपुर विधानसभा का टिकट मिलता है और वह विधायक चुने जाते हैं तो वह समाजसेवा के अपने कार्य को विस्तार देंगे। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य है कि क्षेत्र में शिक्षा व स्वास्थ्य की दिशा में कार्य किया जाए। कन्याओं के लिए विद्यालय खोलने के अतिरिक्त यहाँ एक खेल पार्क बनाया जाए। उन्होंने कहा कि वह प्रति वर्ष सौ निर्धन कन्याओं का विवाह भी कराएँगे। उन्होंने कहा कि औद्योगिक नगरी रुद्रपुर में सड़कों का जाल बिछाया जायेगा और अटरिया माता मंदिर को पर्यटन धाम के रूप में विकसित किया जायेगा। रोजगार के लिए सिडकुल के उद्यमियों से वार्ता कर राज्य के वाशिंदों के लिए अनुकूल माहौल बनाया जायेगा।

टिकट के प्रबल दाएव्दारों में से एक भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा ने कहा कि यदि उन्हें पार्टी का टिकट मिलता और वह विधायक चुने जाते हैं तो वह सर्वप्रथम नजूल भूमि पर काबिज हजारों परिवारों को मालिकाना हक़ देने के लिए जान लड़ा देंगे। इसके बाद नगर में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराना उनकी प्राथमिकता होगा। अरोरा ने कहा कि नगर में कूड़ा निस्तारण के लिए सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट किया जायेगा। शहर में पार्किंग की समस्या का स्थायी हल निकाला जायेगा। इसके लिए मल्टी स्टोरी पार्किंग बनायीं जाएगी और जाम से निजात दिलाई जाएगी। शहर के अन्दर से निकलने वाले दोनों राष्ट्रीय राजमार्गों को बाईपास अथवा रिंग रोड के जरिये बाहर से निकालना व साथ ही स्टेडियम निर्माण को तवज्जो दी जाएगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी की इच्छा के अनुसार नगर में पच्चीस हजार मकान गरीब लोगों के लिए बनवाये जायेंगे।

भाजपा के युवा नेता विकास शर्मा ने कहा कि वह शहर को चंडीगढ़ की तर्ज पर आगे ले जाते हुए हाईटेक करना चाहते हैं। इसके लिए उनका उद्देश्य है कि महानगर क्षेत्र में सिविल लाइन बिछाई जाए। शहर के सभी छात्र-छात्राओं के लिए फ्री में इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध दी जाए। महिलाओं को स्वरोजगार की योजना से जोड़ा जायेगा और ट्रेनिंग देकर उनके द्वारा निर्मित प्रोडक्ट को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से बेचा जायेगा। गरीब मेधावी छात्र छात्राओं के लिए निशुल्क कोचिंग की व्यवस्था करवाई जाएगी। सिडकुल में उत्तराखंड के युवाओं को 70% रोजगार दिलवाने के लिए प्रयास किया जाएगा। गौशाला का निर्माण कर शहर में घूम रहे आवारा पशुओं को उसमें रखा जाएगा। केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलवाया जाएगा। शहर के अंदर मल्टी स्टोरी पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। व्यापारियों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा।

प्राथमिकताओं की बाबत बातचीत करते हुए वर्तमान भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि अपने दो बार के कार्यकाल में उन्होंने क्षेत्र का जमकर विकास किया है। अलबत्ता पहली पारी में वह विपक्ष के विधायक थे जिस कारण अपेक्षानुरूप कार्य नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि यदि वह पुनः विधायक बनते हैं तो वह सर्वप्रथम ट्रांजिट कैंप में दानपात्र की भूमि पर बैठे लोगों को मालिकाना हक़ दिलवाएंगे। नगर में स्टेडियम को आधुनिक स्वरुप देने के साथ ही उसका विस्तार किया जायेगा। नजूल व फ्रीहोल्ड तथा कृषि कार्य की भूमि के सभी अटके मामलों का निस्तारण कर पट्टे दिलवाए जायेंगे। इसके अतिरिक्त जनसँख्या के बढ़ने के साथ ही सड़क, शिक्षा व स्वास्थ्य के कार्यों को और गति दी जाएगी। ठुकराल ने कहा कि अगला कार्यकाल मिलने पर वह क्षेत्र में एक यांत्रिकी महाविद्यालय व केन्द्रीय विश्वविद्यालय बनवायेंगे और साथ ही एक ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण और संजय नगर क्षेत्र का विकास किया जायेगा।

RELATED ARTICLES

Leave A Reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments