भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर। छात्राएं इस काबिल हों कि छेड़खानी, दुर्व्यवहार जैसी परिस्थितियों से खुद निपट सकें। इस उद्देश्य से उधम सिंह नगर शिक्षा विभाग के अंतर्गत बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन हेतु राजकीय कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय में एक माह से चल रहे रानी लक्ष्मीबाई बालिका सुरक्षा कार्यक्रम आत्म सुरक्षा प्रशिक्षण शिविर का समापन किया गया।
इस दौरान विद्यालय की प्रधानाध्यापिका कमला जोशी ने छात्राओं को खुद की सुरक्षा के लिए तत्पर रहने का संकल्प दिलाया। कहा कि आज जिस तरह की घटनाएं महिलाओं और लड़कियों के साथ हो रहीं हैं, उसके लिए यह प्रशिक्षण काफी मददगार साबित होगा। उत्तराखंड सरकार व समग्र शिक्षा की यह मुहिम छात्राओं का आत्मबल बढ़ा रही है।
प्रशिक्षण शिविर में जिला जु–जित्सु एसोसिएशन उधम सिंह नगर के महासचिव सेंसेई ऋषि पाल भारती व प्रशिक्षिका सेंपाई रुनू शर्मा द्वारा लगभग सौ छात्राओं में खुद की रक्षा का आत्मविश्वास जगाया गया, ताकि वह किसी भी परिस्थिति का सामना खुद कर सकें। भारती ने कहा कि छात्राएं अपने पास मौजूद समान्य चीजों ओर आसपास के वातावरण में मौजूद चीजों को हथियार बनाकर अपराधी का सामना कर खुद को सुरक्षित कर सकती हैं। छात्राओं को पंच बांधना, शरीर की कमजोर कड़ी पर वार करना, किसी की पकड़ से खुद को छुड़ाने के साथ पैरों से वार करना, पेन के जरिए हमला करना, दुपट्टे के इस्तेमाल से अटैकर को धूल चटाना जैसी तकनीकों के साथ साथ छात्राओं को की-होंन में ब्लॉक, पंच, किक, काता, रोल, थ्रो एवं महत्वपूर्ण तकनीकों को सिखाया गया।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार की लीलू अरोरा, प्रदीप कुमार पांडेय, प्रदीप कुमार बड़ोई ने सभी के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दी।



