भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। नए साल में होटल में रूम चाहिए तो पहले वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाकर आइये। जी हां, पर्यटन विभाग ने फैसला किया है कि नए साल में सिर्फ डबल डोज लगवाने वाले पर्यटकों को ही होटल में रूम दिया जाएगा। कोरोना संक्रमण से बचाव और खतरे को देखते हुए इस विभाग ने यह नीति तैयार की है।
दिसंबर माह की शुरुआत से ही सैलानी उत्तराखंड का रुख करने लगते हैं। जिसके चलते वे जिले के होटलों में भी ठहरते हैं। कोरोना के कारण करीब दो वर्षो से सैलानियों की संख्या में असर पड़ता है। कोरोना नियमों में ढील मिलते ही दूसरे राज्यों से लोग आने लगते हैं। कोरोना के बढ़ते प्रभाव और नए साल पर दूसरे राज्यों से आने वाले यात्रियों के लिए जिला पर्यटन विभाग ने वैक्सीन की डबल डोज अनिवार्य कर दी है।
सहायक जिला पर्यटन अधिकारी भुवन चंद्र त्रिवेदी ने बताया कि नए साल पर सैलानियों की संख्या में इजाफा होने के साथ कोरोना का खतरा भी बढ़ सकता है। ऐसे में एहतियातन सभी होटलों में ठहरने वाले यात्रियों के लिए वैक्सीन की दोनों डोज अनिवार्य कर दी हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में सैलानियों के लिए होटलों में ठहरने के लिए आरटीपीसीआर रिपोर्ट भी अनिवार्य की जा सकती है। त्रिवेदी के मुताबिक जिले में नानकमत्ता और गूलरभोज में नए साल के जश्न में अधिक सैलानियों के एकत्रित होने की संभावना है।



