भोंपूराम खबरी रूद्रपुर। देह व्यापार के आरोप में गिरफ्तार महिला कोरोना पाॅजिटिव निकली। जिससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में महिला के संपर्क में आये पुलिस कर्मियों की कोरोना जांच हुई। गनीमत रही कि अभी कोई भी पुलिस कर्मी की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई। वही महिला को जिला अस्पताल में पुलिस की निगरानी में आइसोलेट कर दिया गया है। वही उसके संपर्क में आये अन्य लोगो की भी तलाश की जा रही है।
बता दे कि 8 मार्च को ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल की टीम को सूचना मिली थी कि हंस विहार कॉलोनी फेस-1 के एक घर में किरायेदारों द्वारा जिस्मफरोशी का धंधा किया जा रहा है। टीम के साथ कोतवाली पुलिस ने मौके पर जाकर उस घर में छापा मारा और वहां से दो युवक कालाढूंगी निवासी राकेश और बिहार के मीरगंज निवासी जितेन्द्र को गिरफ्तार किया था। साथ ही एक नाबालिग किशोरी को बरामद किया था। पूछताछ में पुलिस को पता चला था कि कालाढूंगी निवासी के साथ एक महिला भी इस देह व्यापार में लिप्त है। जिसके बाद उक्त महिला को पकड़ने के लिए पुलिस ने एक टीम का गठन किया था। बीते दिवस पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना पर उक्त महिला को भूरारानी रोड से गिरफ्तार कर लिया गया और महिला का जिला अस्पाताल में मेडिकल परीक्षण कराने के साथ ही कोरोना जांच भी कराई तो उसमें गिरफ्तार महिला कोरोना पाॅजिटिव पाई गई। जिसके बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने महिला के संपर्क में आये पुलिस कर्मियों की कोरोना जांच कराई। जिसमें वह नेगेटिव पाए गये। जिस पर पुलिस ने राहत की सांस ली। वही महिला को जिला अस्पताल में ही आइसोलेट कर दिया गया है। साथ ही महिला के संपर्क में आये अन्य लोगो को भी तलाश किया जा रहा है। कोतवाल एनएन पंत ने बताया कि महिला के संपर्क में दो-तीन पुलिस कर्मी ही आये थे।
एसपी सिटी ममता वोहरा ने बताया कि महिला के संपर्क में आये पुलिस कर्मियों की कोरोना जांच के लिए सैम्पल दे दिये गये थे। जिसमें कोई भी अभी तक पॉजिटिव नहीं आया है। साथ ही पुलिस कर्मियों को इस दौरान कोरोना गाइडलाइन का पालन करने के भी निर्देश दिये गये है।



