Monday, March 16, 2026
HomeUttarakhandरुद्रपुर में नहीं हो रहा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन

रुद्रपुर में नहीं हो रहा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन

spot_img

 

भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर।  कोरोना की दूसरी लहर में जहां प्रदेश में कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ता जा रहा है वहीं नगर में दुकानदार व आम लोग इससे बेख़ौफ़ हैं। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की सख्ती के बावजूद न ही दुकानदार और न ही आम जनता सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का पालन कर रहे हैं। साथ ही दुकानदार और ग्राहक मास्क भी नहीं लगा रहे हैं। लापरवाही का आलम यह है कि भीड़ का हिस्सा बनकर लोग बाजार खरीदारी कर रहे हैं।

ज्ञातव्य है कि देश और प्रदेश में कोरोना संक्रमण एक बार फिर तेजी से बढ़ता जा रहा है। जिला उधम सिंह नगर में भी कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। जिसे रोकने के लिए दो दिन पूर्व पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्य बाजार में व्यापक अभियान चलाया था। इस दौरान लोगों के चालान भी किये गए और उन्हें मास्क भी बांटे गए। शहर कोतवाल एनएन पन्त स्वयं माइक पर लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क पहनने के नियम का पालन करने का आग्रह करते दिखे।

हैरानी की बात यह है कि पुलिस और प्रशासन के तमाम प्रयास के बाद भी लोग सावधान नहीं हो रहे हैं। सोमवार को गाँधी पार्क के पास स्थित एक बैंक में सौ से भी अधिक लोगों की भीड़ एक साथ जमा थी। मगर कोई भी सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का पालन नहीं कर रहा था। शहर के बाजारों में दुकानों के बाहर दो गज की दूरी के साथ गोले भी नहीं बनाए गए हैं। लापरवाह लोगों द्वारा शहर भर में प्रशासन के आदेश की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

यहां मुख्य बाजार से लेकर किराना, कपड़ा, सर्राफा, बर्तन, रेडीमेड से लेकर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के बाजारों में खरीदारी करने आ रहे ग्राहक बिना मास्क पहने देखे जा सकते हैं। कई दुकानों में व्यापारी ग्राहकों को पास-पास बैठाकर संक्रमण को बढ़ावा दे रहे हैं।

ऐसे में यदि एक व्यक्ति भी संक्रमित निकला तो संक्रमण तेजी से फैल सकता है। उधर कुछ दुकानदारों का कहना है कि वे लोगों को मास्क लगाकर आने के लिए कहते हैं लेकिन ग्राहक कहने के बाद भी बिना मास्क के दुकानों पर खरीदारी करने आ रहे हैं। ऐसे में बिना प्रशासन की सख्ती के मास्क लगाने की लापरवाही लगातार जारी है।

बाजार में दुकानदार और ग्राहक स्वेच्छा से मास्क पहनने की बजाय तब ही मास्क लगाते नजर आते है जब सख्ती होती है। या किसी अधिकारी की गाड़ी का सायरन सुनाई देता है। ऐसे में लोग कार्रवाई से बचने के लिए मास्क लगा लेते हैं लेकिन बाद में तुरंत मास्क हटाकर फिर सामान बेचने और खरीदारी करने में व्यस्त हो जाते हैं। इस तरह लोग मास्क को लगाने में लापरवाही बरत रहे हैं। इसके साथ ही सोशल डिस्टेंस का पालन भी नहीं हो रहा है। लोग एक दूसरे के पास बैठकर दुकानों में खरीदारी कर रहे हैं।

बाजार में अभियान चलाकर मास्क वितरित किए गए थे। फिर भी लोग मास्क नहीं लगा रहे हैं और सामाजिक दूरी का पालन नहीं कर रहे हैं। अब सख्ती से उन पर जुर्माने की कार्यवाही की जाएगी। दुकानदारों को दुकानों के बाहर गोले बनाए जाने के लिए कहा गया है। ……. अमित कुमार,, सीओ सिटी

RELATED ARTICLES

Leave A Reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments