भोंपूराम खबरी रुद्रपुर। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिए हैं। साल 2017 के चुनाव में उधम सिंह नगर जिले की नौ में से मात्र एक सीट जीतने वाली कांग्रेस ने इस बार परिणाम बेहतर करने का संकल्प लिया है। इसी के चलते बाजपुर के जीतेन्द्र शर्मा के पार्टी जिलाध्यक्ष रहते हुए संगठन को मजबूती देने के उद्देश्य से शहर के मजबूत नेता हिमांशु गाबा को कार्यकारी जिलाध्यक्ष बनाया गया। पार्टी हितों में गाबा लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं।
इसी क्रम में गाबा अपने समर्थकों सहित भूत बंगला क्षेत्र में पहुंचे। यहाँ पार्षद प्रतिनिधि परवेज कुरेशी व पूर्व सभासद कालीचरण ने फूल मालाएं पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया। गाबा ने सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया और मिशन 2022 में जी-जान से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता भाजपा सरकार की नाकामियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। कांग्रेस की विचारधारा को जनता तक पहुंचाएं। गाबा ने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से जिले की सभी विधानसभाओं से कांग्रेस के विधायक जीत कर विधानसभा में पहुंचेंगे और 2022 में कांग्रेस की सरकार ही बनेगी। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप सीमा ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने गाबा को यह जिम्मेदारी सौंप कर शहर का मान बढ़ाया है। गाबा के जिलाध्यक्ष बनने से सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। इस मौके पर मदनलाल खन्ना, हकीम जी, इरफान, सतीश, राहुल, अरुण भारती, रवि भारती, बबलू ,शावेज, सुनील, सलीम खान, शाकिर खान, अयूब खान, रईस, शमीम, शकीला, महफूज, जाबिर, नरेश ,आमिर खान, सोनू नासिर खान, जाकिर, अकरम, फरीद अली, रईस, बाबू, भारती देवी आदि कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।



