भोंपूराम खबरी, रूद्रपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस व प्रशासन सहित अन्य विभागों की संयुक्त टीम ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। साथ ही ऐसे पच्चीस दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुँवर के निर्देशन में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने हेतु प्रशासनिक टीम ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने रूद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के थाना रूद्रपुर, पंतनगर और ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा वहां 25 एक्सीडेंट संभावित स्थानो को चिन्हित भी किया। जहां पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुधार कार्य करने संबंधी बिन्दुओं पर चर्चा की गई। टीम द्वारा दुर्घटना संभावित स्थानो पर स्टाॅप लाइन, जेबरा क्राॅसिंग, डिवाइडर लगाना, डायरेक्शन डिस्प्ले बोर्ड लगाने संबंधी निर्णय लिये गये। साथ ही सड़क पर निर्माण संबंधी छूटे अधूरे कार्यो को भी प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने को निर्णय लिया गया। इस दौरान टीम में उप जिलाधिकारी रुद्रपुर विशाल मिश्रा, क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर अमित कुमार, आरटीओ रुद्रपुर बीके सिंह, नगर निगम सहायक के सरताज, एनएच एग्जीक्यूटिव अक्षत तथा पीडब्ल्यूडी आदि स्टेकहोल्डर शामिल थे।



