भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर। फायर सीजन कहलाये जाने वाला अप्रैल का महीना तराई के क्षेत्र में कहर बरपा रहा है। जिला उधम सिंह नगर में जहाँ बीते कुछ दिनों में दर्जनों एकड़ गेंहूँ की फसल कई अग्निकांडों के चलते जलकर राख हो गईं तो सोमवार का दिन पंतनगर औद्योगिक आस्थान स्थित एक फैक्ट्री के लिए काल बनकर आया। यहाँ दोपहर में अचानक लगी आग से करोड़ों रुपये का स्टॉक जलकर राख हो गया। अग्निशमन विभाग की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद विकराल आग पर काबू पाया।
सिडकुल के सेक्टर सात में प्लाट नंबर 69, 70 व 71 में स्थित दुर्गा फाइबर फैक्टरी में सोमवार की दोपहर अचानक आग लग गई। आग की शुरुआत कंपनी के प्रथम तल पर स्थित गोदाम से हुई। देखते ही देखते फैक्ट्री से काला धुआं और आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। फैक्ट्री में आग लगते ही अफरा तफरी मच गई। तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी गयी जिसके बाद तीन दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। सिडकुल स्थित बजाज फैक्ट्री के फायर टेंडर भी मौके पर बुला लिए गया। लेकिन घंटे भर बाद भी फायरकर्मियों के किसी प्रयास का कोई असर नहीं दिखा। फैक्ट्री में थर्माकोल का स्टॉक होने के कारण आग थोड़ी शांत होती और फिर भभक उठती। फायरकर्मियों के समक्ष सबसे बड़ी समस्या आग को अन्य फैक्ट्रियों तक पहुँचने से रोकने की थी। इस कारण कर्मियों ने फैक्ट्री को चारों ओर से घेर कर लगातार पानी की बौछारें मारी।

समाचार लिखे जाने तक आग बुझाने के लिए पांच दमकलों ने मोर्चा संभाल रखा है साथ ही और दमकलें बुलाई गई हैं। मौके पर स्थिति विस्फोटक बनी हुई है, क्योंकि आग अन्य फैक्ट्रियों को भी नुकसान पहुंचा सकती है। फैक्ट्री में काम करने वाले लोगों का कहना था कि अग्निकांड में करोड़ों के नुक्सान का अंदेशा है। हालाँकि असल स्थिति मंगलवार तक ही मालूम चल सकेगी।



