भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर। कोरोना संक्रमण से जूझ रहे उधम सिंह नगर जिले में प्रशासन का संवेदनहीन रवैया एक बार फिर सामने आया है। कोविड वैक्सीनेशन के लिए शहर के मेडिकल कॉलेज पहुंचे दर्जनों लोगों को रविवार को उस समय मायूस लौटना पड़ा जब वैक्सीनेशन सेंटर पर एक भी कर्मचारी उपस्थित नहीं था। लोगों में इस वजह से काफी आक्रोश था और उन्होंने स्वास्थ्य विभाग सहित राज्य सरकार को जमकर कोसा।
ज्ञात हो कि केंद्र सरकार व स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों से टीकाकरण करवाने का लगातार आग्रह कर रहे हैं। उनका कहना है कि वैक्सीनेशन व अन्य सावधानियों से ही कोरोना को परास्त किया जा सकता है। लेकिन उधम सिंह नगर जिले का स्वास्थ्य विभाग संभवतः प्रधानमंत्री की बातों को गंभीरता से नहीं ले रहा। रविवार को रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचे दर्जनों प्रौढ़ व युवा उस समय हताशा से भर गए जब दूरदराज के इलाकों से आने के बावजूद भी मेडिकल कॉलेज में टीकाकरण के लिए कोई भी स्टाफ उपलब्ध नहीं था। विडम्बना यह रही कि सेंटर के द्वारा पर चस्पा किये गए मोबाइल नंबरों से संपर्क करने पर किसी ने फ़ोन उठाना भी जरुरी नहीं समझा। निराश लोग वापस अपने घरों को लौट गए। ‘भोंपूराम खबरी’ ने इस मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ डीएस पंचपाल का पक्ष जानने के लिए फ़ोन किया तो उनका फ़ोन स्विच ऑफ था।
मैं शिमला बहादुर से अपनी पत्नी के साथ टीका लगवाने आया था। लॉकडाउन के कारण कई जगह पुलिस ने रोका तो उन्हें वजह बताने पर हॉस्पिटल तक पहुँचने की अनुमति मिली। मैं और मेरी पत्नी सीनियर सिटीजन हैं। हम बार-बार अस्पताल नहीं आ सकते। स्वास्थ्य विभाग संवेदनहीन है। हमें टीका नहीं लग सका। —- अवनींद्र प्रताप सिंह ,,स्थानीय
मैं अपनी सत्तर वर्षीय माताजी को वैक्सीन लगवाने आया था। यहाँ पहुँचने पर पता चला कि स्टाफ ही नहीं है। अगर राज्य सरकार लॉकडाउन की सूचना दे सकती है तो क्या आज वैक्सीनेशन न होने की सूचना प्रसारित नहीं की जा सकती। अब मैं किसी निजी अस्पताल में अपनी माताजी को टीका लगवाऊंगा। —– शरद यादव,,, निवासी ट्रांजिट कैंप
इस लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का मजाक बना दिया है। मेडिकल कॉलेज के रिसेप्शन पर भी कोई तैनात नहीं था। लोग वैक्सीनेशन के लिए एक-दूसरे को प्रश्नवाचक निगाहों से देख रहे थे। देश में महामारी फैली है और अस्पताल में कोई स्टाफ तक मौजूद नहीं है। सरकार को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। —– सतपाल सिंह,,निवासी महाराजपुर
आज टीकाकरण का कार्य रोका गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी का आदेश था कि कोरोना की चेन तोड़ने के लिए ऐसा आवश्यक है। लॉकडाउन के साथ ही मेडिकल कॉलेज में भी एक दिन का शट डाउन जरुरी है। — दीपा जोशी ,,एएनएम ,,राजकीय मेडिकल कॉलेज वैक्सीनेशन विभाग



