भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर।नगर में बेख़ौफ़ हो चले बिल्डरों के दुस्साहस का आलम यह है कि प्राधिकरण के द्वारा नोटिस दिए जाने के बावजूद अवैध कालोनियों में धड़ल्ले से अवैध निर्माण किया जा रहा है। हालाँकि सूचना प्राप्त होने पर पहुंची टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवाने के साथ ही प्राधिकरण पहुंचकर अपना पक्ष प्रस्तुत करने के आदेश दे दिए।
ज्ञात हो कि आपके अपने वेब पोर्टल ‘भोंपूराम खबरी ‘ ने तीन दिन पूर्व ट्रांजिट कैंप के तीन पानी डैम क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी के बारे में समाचार प्रकाशित किया था। इसके बाद प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने इस बिल्डर को नोटिस जारी करते हुए तत्काल कार्य रोकने के आदेश दे दिए। लेकिन बावजूद इसके अवैध रूप से काटी जा रही कॉलोनी पर व्यवसायिक निर्माण किये जा रहे थे। कालोनी में निर्माण कार्य होने की सूचना मिलते ही प्राधिकरण उपाध्यक्ष तिवारी ने कनिष्ठ अभियंता एचएस रावत को मौके पर भेजा। रावत ने सख्ती दिखाते हुए तत्काल वहां कार्य कर रहे मजदूरों को मौके से खदेड़ा और कालोनी में मौजूद स्टाफ को जमकर फटकार लगायी। मौके पर कालोनी के मालिक के मौजूद न होने पर रावत ने उन्हें प्राधिकरण के कार्यालय में उपस्थित होने के आदेश दिए।
इस मामले में तिवारी का कहना था कि प्राधिकरण क्षेत्र में आने वाली कालोनियों में अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को क्षेत्र का सर्वे कर ऐसी सभी कालोनियों को चिह्नित करने के आदेश दे दिए गए हैं। बता दें कि शहर में कई बस्तियों में बिना रेरा और प्राधिकरण से अनुमति लिए कालोनी काटकर भोले-भाले लोगों को बेवकूफ बनाने का सिलसिला लगातार जारी है। लोग अपनी जीवन भर की कमाई से अपने सपनों का मकान खरीदना चाहते हैं। मगर अवैध कालोनियों के फेर में फंसकर अपनी सारी जमा-पूंजी गँवा बैठते हैं।



