भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलक राज बेहड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस के खिलाफ उपवास रख कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। बेहड़ ने कहा की सत्तारूढ़ पार्टी को यह धरना संवेदनहीन हो चुकी अपनी सरकार के खिलाफ देना चाहिए। कहा कि जनता भाजपा ने नाटक समझ चुकी है।
बेहड़ ने कहा कि कोरोना की रोकथाम में राज्य सरकार विफल साबित हुई है। प्रदेश में चिकित्सकों की कमी है। पेरामेडिकल स्टाफ नहीं है और ना ही दवाइयां उपलब्ध हैं। कोरोना जैसी भयंकर महामारी के समय में भी स्वास्थ्य विभाग जैसा महत्वपूर्ण मंत्रालय भी मुख्यमंत्री ने अपने पास रखा हुआ है। सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है। सरकार के मंत्री विधायक जनता के दुख-दर्द को भुलाकर एक दूसे के खिलाफ बयानबाजी में लगे हैं। कोरोना के साथ ही ब्लैक फंगस जैसी भयंकर बीमारी प्रदेश में अपने पैर पसार रही है सरकार के पास मरीजों को बचाने की कोई व्यवस्था नहीं है।
बेहड़ ने आरोप लगाया कि सरकार कोरोना से मरने वालों की संख्या के आंकड़े भी छुपा रही है। आंकड़ों के विपरीत मृतकों की संख्या बहुत अधिक है। मुख्यमंत्री अपने विधायकों से अपील कर रहे हैं कि विधायक अपनी निधि से एक-एक करोड़ रूपये कोरोना नियंत्रण में खर्च करें। स्वास्थ्य विभाग सार्वजनिक करे कि जिला उधम सिंह नगर में किन विधायकों ने स्वास्थ्य विभाग को एक-एक करोड़ रूपये दे दिए हैं. इससे जनता को पता चलेगा कि भाजपा विधायक कोरोना को लेकर कितने गंभीर है।



