भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिला मुख्यालय पर देश के प्रथम प्रधानमंत्री स्वर्गीय पंडित जवाहरलाल नेहरू की 57वीं पुण्यतिथि आदर भाव से मनाई गयी। महानगर कांग्रेस कमेटी ने सिटी क्लब स्थित पंडित नेहरु की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी तो जिला कांग्रेस ने मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर में कोरोना मरीजो के परिजनों को व मेडिकल कॉलेज के स्टाफ को जल व फल वितरित किये।
सिटी क्लब में महानगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा ने कहा कि पंडित नेहरू देश ने आजाद भारत की नींव रखी और देश में एकता अखंडता व भाईचारा को बनाए रखते हुए देश को विकास के पथ पर लेकर गए। तनेजा ने कहा कि बच्चों से अत्यधिक प्रेम के चलते उन्हें चाचा नेहरू के नाम से पुकारा जाता था। पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा ने कहा कि पंडित नेहरू ने अपने जीवन में हमेशा एकता भाईचारा और देश हित की बात की और पूरा जीवन देश पर न्योछावर कर दिया। इस दौरान मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष अरुण पांडे, नगर महामंत्री राजीव कामरा, पार्षद मोहन खेड़ा, सचिन मुंजाल, ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश पंत, राघव सिंह, सुनील जडवानी, पूर्व सभासद इंद्रजीत सिंह आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।
वहीं मेडिकल कालेज में कांग्रेस जिला अध्यक्ष हिमांशु गाबा ने कहा कि नेहरू जी देश की आजादी के महान योद्धा थे। उन्होंने विज्ञान, टेक्नोलॉजी, कृषि, मेडिकल साइंस, उद्योगों, कल-कारखानों से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया और भारत को आत्मनिर्भर बनाया। उन्होंने देश में मजबूत लोकतंत्र की स्थापना की। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सीपी शर्मा व महामंत्री राजीव कामरा ने कहा कि स्वर्गीय नेहरू ने संविधान को लागू कर व सैन्य शक्तियों की स्थापना कर हमारे देश को विकास के रास्ते पर ले जाने का कार्य किया। ऐसे महान नेता की पुण्यतिथि पर पूरी कांग्रेस पार्टी कोटि कोटि नमन करती है। इस दौरान राजकुमार भुसरी, मदनलाल खन्ना, पवन वर्मा, याशु माथुर आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।



