भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस केन्द्रीय संगठन द्वारा भेजे गये जिला समन्वयकों ने शनिवार को कांग्रेस के ब्लॉक एवं नगर अध्यक्षों की बैठक ली। बैठक में आगामी चुनाव में पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने के लिए रणनीति तय की गयी और कार्यक्रमों को लेकर दायित्व दिए गए।
गावा राइस मिल स्थित कांग्रेस जिला कार्यालय पर कार्यवाहक जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा सहित जिला समन्वयक मनोज सिंह पटेल, जिला समन्वयक लवलेश सिंह और नईम अहमद ने पार्टी के ब्लाक और नगर अध्यक्षों के साथ ही अन्य पदाधिकारियों के साथ चुनाव की तैयारियों पर व्यापक विचार विमर्श किया। लवलेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव को पूरे दमखम के साथ लड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों से जनता का मोह भंग हो चुका है और प्रदेश की जनता अब इस सरकार से मुक्ति चाहती है।
मनोज सिंह पटेल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी हाईकमान ने प्रदेश के सभी जिलों में कोऑर्डिनेटर नियुक्त किये हैं। आगामी कार्यक्रम के बारे में पटेल ने बताया कि रविवार से 5 जुलाई तक प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर और वार्डों में कांग्रेस पार्टी के झंडे के साथ पदयात्रा निकाली जायेगी। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र में हर न्याय पंचायत और शहरी क्षेत्र में हर वार्ड में 100-100 लोगों को शामिल कर विधानसभा स्तरीय एक वाट्सएप ग्रुप बनाया जायेगा। पार्टी के निष्क्रिय पदाधिकारियों को सक्रिय करने के साथ ही जो पद रिक्त चल रहे हैं उन पर भी नियुक्तियां कर कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने के लिए प्रेरित किया जायेगा।
नईम अहमद ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। कार्यवाहक जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। जिले में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जिले की सभी नौ सीटों पर कांग्रेस का परचम लहरायेगा।
बैठक में कांग्रेस मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष सीपी शर्मा, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप चीमा,राजू भुसरी, जिला महामंत्री मदन लाल खन्ना, पवन वर्मा, सुशील मंडल, विरेंद्र कोली, नंद किशोर गंगवार, विजय मंडल, दिलीप अधिकारी, गदरपुर के ब्लाक अध्यक्ष नासिर हुसैन, नगर अध्यक्ष सिद्धार्थ भुसरी, किच्छा के ब्लाक अध्यक्ष गुड्डू तिवारी, नगर अध्यक्ष अरुण तनेजा, सितारगंज के ब्लाक अध्यक्ष करन जंग और नगर अध्यक्ष हरपाल, नानकमत्ता ब्लाक अध्यक्ष आनन्द राणा, खटीमा के ब्लाक अध्यक्ष बॉबी राठौर, नगर अध्यक्ष रवीश भटनागर, पंतनगर के अध्यक्ष महेंद्र शर्मा सहित दर्जनों कांग्रेसी मौजूद थे।



