विक्रम केशरी,भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। प्रदेश में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मद्देनजर विश्वविद्यालय के छात्रों की ऑफलाइन परीक्षा कराए जाने के विरोध में युकां नेता नितिन गक्खर के नेतृत्व में दर्जनों छात्रों ने भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के बैनर तले चार सूत्रीय मांगों का एक ज्ञापन कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति को शहीद भगत सिंह डिग्री कॉलेज के प्राचार्य कमल किशोर पांडेय के माध्यम से भेजा।
ज्ञापन में कहा गया कि वैज्ञानिकों द्वारा लगातार बताया जा रहा है कि देश में कोरोना की तीसरी लहर भी शीघ्र ही आने वाली है जिसका सबसे ज्यादा प्रभाव बच्चों पर पड़ेगा। वायरस के नए स्ट्रेन डेल्टा प्लस ने देश के कई शहरों में पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। इसके मामलों में तीव्रता से वृद्धि हो रही है व ऐसी स्थिति में विश्वविद्यालय द्वारा छात्रों की ऑफलाइन परीक्षा लेना कोरोना की तीसरी लहर को न्योता देना होगा। ऐसी नाजुक एवं भयावह परिस्थिति में विश्वविद्यालय द्वारा ऑफलाइन परीक्षा कराया जाना बिल्कुल भी न्यायसंगत नहीं है। एनएसयूआई द्वारा चार सूत्रीय मांगों में पहली माँग की गयी है कि विश्वविद्यालय द्वारा सभी छात्रों को जनरल प्रमोशन के आधार पर प्रोन्नत किया जाए। दूसरी मांग की गई है कि परीक्षा होनी है या नहीं इसकी स्थिति को एक सप्ताह के अंदर विश्वविद्यालय स्पष्ट करे। तीसरी माँग की गई है कि जब तक विश्वविद्यालय के सभी छात्रों को वैक्सीन नहीं लगती तब तक किसी भी प्रकार की परीक्षा न ली जाए व चौथी माँग की गई है कि यदि परीक्षा ली जानी है तो परीक्षा सम्बन्धी दिशा-निर्देश शीघ्र-अतिशीघ्र जारी करें तांकि समस्त छात्रगण अपनी परीक्षा की तैयारी समय रहते कर सकें। नए सत्र का पाठ्यक्रम भी महाविद्यालयों द्वारा शुरू कर दिया गया है, जिस कारण छात्रों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर विश्वविद्यालय द्वारा उक्त माँगों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा की स्थिति को स्पष्ट नहीं किया जाता है तो समस्त छात्र महाविद्यालयों के गेट पर तालाबंदी कर धरना देने को बाध्य होंगे।
इस दौरान सार्थक शर्मा, अभय अधिकारी, हिमांशु कोहली, सौरभ यादव, जतिन कुमार, रितिक सागर, मोहित आर्य, अनुकूल सिंह, भावना, सानिया मालिक, सृष्टि सिंह, आजाद सिंह, अमरीक सिंह, अर्श, सर्वजीत, रंजीत गुप्ता, बलजीत सिंह, खड़क सिंह, रविन्द्र सिंह, दीपक पांडेय, प्रीति मौर्य, दीपाली सिंह, रेणु पंत, आयुषी बिष्ट, अभिलाषा, कुलविंदर सिंह, लक्क़ी खरोड़े समेत दर्जनों छात्र मौजूद थे।



