भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर। पूर्व मंत्री तिलकराज बेहड़ ने उत्तराखंड की धामी सरकार व मंत्रीमंडल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कैबिनेट में वही पुराने चेहरे शामिल किए गए है। भाजपा को बताना चाहिए कि यदि पुराने चेहरे ही शामिल करने थे तो मुख्यमंत्री बदलने की क्या जरूरत थी।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने संवैधानिक संकट की आड़ में राज्य में फेल साबित हुए मुख्यमंत्री को हटाया है और जब मुख्यमंत्री असफल साबित हुए हैं तो उनका मंत्रीमंडल स्वाभाविक रूप से असफल हुआ है।
बेहड़ ने कहा कि भाजपा बार-बार मुख्यमंत्री बदल कर प्रदेश की जनता को गुमराह करने का काम कर रही है। डबल इंजन की सरकार फेल हो चुकी है जनता का विश्वास भाजपा से उठ चुका है। उन्होंने कहा कि जब-जब सरकार चलाने में मुख्यमंत्री व मंत्रीमंडल असफल साबित होता है तभी भाजपा मुख्यमंत्री बदल कर उत्तराखंड की जनता को बेवकूफ बनाने का काम करती है।कहा कि आज प्रदेश का व्यापारी, किसान, मजदूर व आम जनमानस परेशान हो चुका है। आय के साधन धीरे-धीरे समाप्त होते जा रहे हैं। बेरोजगार लोग काम की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं। देश व प्रदेश के अंदर डबल इंजन की सरकार होने के बाद महंगाई आसमान छू रही है। डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस, सब्जी व सभी आम उपयोग में आने वाली वस्तु महंगाई के कारण कमर तोड़ रही है। राज्य में जनता की सुनने वाला कोई नही है।बेहड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जितने चाहे मुख्यमंत्री के चेहरे बदल लें लेकिन आगामी 2022 विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार पूर्ण बहुमत से बनेगी।



