भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। कोरोना संक्रमण की रफ्तार रोकने के लिए जारी कोरोना कर्फ्यू के चलते साप्ताहिक बंदी के दिन सोमवार को मिला-जुला असर रहा। शहर के मुख्य बाजार में दुकानें बंद रहीं और सन्नाटा पसरा रहा। लेकिन अवस विकास, मॉडल कालोनी, इंदिरा कालोनी, आदर्श कालोनी, सिविल लाइन्स आदि शहर के अधिकांश हिस्सों में दुकानदार आधा शटर उठाकर सामान बेचते रहे। मेडिकल स्टोर, पेट्रोल पंप खुले व फल-सब्जी के ठेले लगे होने से सड़कों पर चहल-पहल दिखी। रोडवेज बसों का संचालन जारी रहा। पुलिसकर्मी कोविड प्रोटोकाल का अनुपालन कराने के लिए सड़कों पर गश्त करते दिखे। इस दौरान अधिकांश लोग बिना मास्क के घूमते नजर आए। हालाँकि पुलिस ने कुछ स्थानों पर दुकानें बंद कराई मगर फिर भी लोगों ने प्रोटोकॉल का पूरा पालन नहीं किया।
ज्ञात ही कि बीते पखवाड़े भर से लगातार दुकानें खुलते रहने से बाजार में कोरोना कर्फ्यू के नियमों का उल्लंघन हो रहा था। बीते सप्ताह पुलिस विभाग ने साप्ताहिक बंदी का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर सख्ती करने की बात कही थी। कहा गया था कि खुली दूकानों के संचालकों का नाम डायरी में दर्ज करने के साथ उनसे जुर्माना वसूला जायेगा। लेकिन शहर में पुलिस की सख्ती नहीं दिखी। अलबत्ता जिले की सीमाओं पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। डेल्टा वेरिएंट की संभावना के चलते सावधानी अत्यधिक आवश्यक लेकिन आमजन इसके प्रति जागरूक नहीं हो रहे हैं।
एसीओ अमित कुमार ने बताया कि पुलिसकर्मियों को कर्फ्यू का सख्ती से अनुपालन कराने व बिना मास्क मिलने वाले लोगों पर जुर्माना लगाने की हिदायत दी गई है। कोविड प्रोटोकाल उल्लंघन करने वालों पर लगातार जुर्माना किया जा रहा है।



