भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर। बीते नौ दिनों से जारी नगर निगम के सफाईकर्मियों के कार्य बहिष्कार के बीच विद्युत् कर्मी भी हड़ताल पर चले गए। जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस ने शहर में चौकसी बढ़ा दी है। पुलिस के अनुसार किसी भी असमाजिक तत्व द्वारा शहर की शांति व्यवस्था में कोई खलल न हो इसके चलते ऐसा किया गया है।
नगर निगम में देवभूमि सफाई कर्मचारी संगठन के बैनर तले सफाईकर्मी अपनी मांगो को लेकर बीते नौ दिनों से धरने पर है। वही विद्युत् विभाग के कर्मचारी भी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए है। जिसके चलते किसी भी हंगामे की स्थिति बनने से रोकने के लिए शहर के कई हिस्सों में पुलिस बल तैनात किया गया है। शहर के आवास विकास स्थित शिव मंदिर, गांधी पार्क, डीडी चौक सात बाजार के भी कुछ प्रमुख स्थानों में पुलिस की निगरानी देखी गई।
सीओ अमित कुमार ने बताया कि हड़ताल को लेकर दो विभागों के कर्मचारीयो के सड़को पर उतरने की संभावना थी। जिसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शहर की शांति बनाये रखने के लिए सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिस और उनके साथ होमगार्डों की तैनाती की गयी है।



